Breaking News

रूस में विमान दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 61 लोगों की मौत, दुबई से भरी थी उड़ान

fly-dubaiमॉस्को। दुबई से आ रहे एक विमान के दक्षिणी रूस के रोस्तोव ऑन दॉन में उतरते समय आज सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 61 लोगों की मौत हो गई।

आधिकारिक तास समाचार एजेंसी ने स्थानीय मंत्रालय के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा, बोइंग 737 उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 61 लोग थे। उन सभी की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 55 यात्री और चालक दल के छह सदस्य थे।

आपातकाल मंत्रालय की एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार यह हादसा भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर हुआ।

बयान में कहा गया है, दुबई से रोस्तोव ऑन दॉन आ रहे बोइंग 737 विमान में (दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद) आग लग गई। इसमें बताया गया है कि आग पर भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े सात बजे काबू पाया गया।

अमीरात की फ्लाईदुबई विमानन कंपनी ने कहा कि उसे उस ‘‘घटना’’ की जानकारी है जिसमें उसका एक विमान शामिल है, लेकिन उसने कोई और विस्तृत जानकारी नहीं दी।

कंपनी ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा,  हमें दुबई से रोस्तोव ऑन दॉन जा रही उड़ान संख्या एफजेड981 के एक घटना में शामिल होने की जानकारी है। हम विस्तृत ब्यौरों की जांच कर रहे हैं और अधिक जानकारी उपलब्ध होने पर इसे मुहैया कराएंगे।

इससे पूर्व 16 मार्च को एक्वाडोर के एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 22 लोगों की मौत हो गई थी। विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर पेरू के साथ लगती सीमा के निकट पूर्वी पस्ताजा प्रांत में गिरा था।