Breaking News

रविशंकर प्रसाद को तीन कैबिनेट समितियों में जगह मिली

ravishankarprasadनई दिल्ली। कानून एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद को तीन कैबिनेट समितियों में जगह मिली है। जबकि इससे पहले संचार मंत्री रहते हुए वे सिर्फ एक कैबिनेट समिति के ही सदस्य थे। केंद्रीय मंत्रिमंडल की समितियों में उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी मिलने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रसाद अभी दो महकमों का कामकाज देख रहे हैं।

मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद कैबिनेट समितियों में हाल में बदलाव किए गए हैं। केंद्र सरकार के सूत्रों के अनुसार प्रसाद को राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीपीए) में स्थान दिया गया है। इसी प्रकार संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति में भी वे सदस्य होंगे।

दरअसल, कानून मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी होने के कारण उन्हें इन दो नई कैबिनेट समितियों में शामिल किया गया है। जबकि आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) में भी वे पहले की तरह बने रहेंगे। बतौर संचार मंत्री वे इस समिति के सदस्य थे। लेकिन कानून मंत्री के रूप में दायरा बढ़ जाता है।

कानून मंत्री की आर्थिक, संसदीय और राजनीतिक मामलों में भी भूमिका होती है। फिर, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग भी महत्वपूर्ण है। जिसमें बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आया है। 1.22 लाख करोड़ से भी ज्यादा निवेश के प्रस्ताव आ चुके हैं। इनमें से करीब 20 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावों को प्रसाद मंजूरी दे चुके हैं।