Breaking News

फाइव स्टार होटल में बड़ा झटका दे गई ‘लुटेरी गर्लफ्रेंड’

girlfriendदिल्ली। राजधानी के एक फाइव स्टार होटल के एक रूम से दिलचस्प कहानी बाहर आई है। होटल रूम में एक युवक अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ सोया था। सुबह उठा तो गर्लफ्रेंड उसकी 40 लाख की घड़ी और एक लाख कैश लेकर गायब थी। युवक उसे फोन मिलाता रहा, लेकिन गर्लफ्रेंड बात करने के लिए राजी नहीं हुई। आखिरकार युवक ने पुलिस को शिकायत दी।

इस शिकायत पर तुगलक रोड पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है, लेकिन तहकीकात के लिए संभलकर कदम बढ़ा रही है। दरअसल, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले में पेंच है। युवक जिसे अपनी गर्लफ्रेंड बता रहा है, उसका पता-ठिकाना और उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानता। उसने बस युवती का नाम और मोबाइल नंबर बताया है। कल अगर युवती ने युवक पर कोई आरोप लगाया तो उसकी जांच भी हो सकती है।

एस्कॉर्ट्स सर्विस के ऐंगल से भी तफ्तीश जारी है। इसलिए फिलहाल किसी को अरेस्ट नहीं किया है। होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक विकासपुरी में रहता है। दुबई से कारोबार करता है। कुछ दिन पहले तुगलक रोड स्थित होटल क्लेरिजस में ठहरा था। उसका कहना है कि रात गर्लफ्रेंड के साथ खाना खाकर लगभग 12 बजे बेड पर चला गया। सुबह 9 बजे आंख खुली तो गर्लफ्रेंड गायब थी। उसके पास से एक लाख रुपये और विदेशी बेशकीमती घड़ी गायब थी। उसने बहुत देर तक गर्लफ्रेंड को फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई, फिर फोन स्विच ऑफ हो गया।