Breaking News

पंजाब के सीएम बादल के खिलाफ MLA जरनैल सिंह हो सकते हैं AAP उम्मीदवार

parkash-singh-badal-jarnail-singhनई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के मुकाबले दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह को चुनावी मुकाबले में उतार सकती है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पंजाब की ‘लांबी विधानसभा सीट’ का प्रतिनिधित्व करते हैं।  आम आदमी पार्टी जल्दी ही लांबी विधानसभा क्षेत्र में रैली करने वाली है और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बादल के खिलाफ जरनैल सिंह की उम्मीदवारी से संबंधित घोषणा इसी रैली में कर सकते हैं। आप ने राज्य मे सत्तारूढ़ अकाली दल-बीजेपी गठबंधन के बड़े नेताओं के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार खड़े करने का ऐलान किया हुआ है, जरनैल सिंह को इसी कड़ी में बादल के खिलाफ उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

जरनैल सिंह दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने 2014 में AAP के टिकट पर पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इसी साल पार्टी ने कद बढ़ाते हुए जरनैल सिंह को पंजाब का सह-प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता बना दिया था। खुद को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ उम्मीदवार बनाए जाने की संभावनाओं पर जरनैल सिंह ने कहा कि पार्टी की तरफ से उन्हें जो आदेश दिया जाएगा वो ‘उस चुनौती’ का सामना करने को हर वक्त तैयार हैं।

जरनैल सिंह पत्रकार रह चुके हैं और सिख-विरोधी दंगों के मामले को लेकर तत्कालीन गृहमंत्री पी. चिदंबरम की ओर कथित रूप से जूते उछालने के कारण उन्हें उनके संस्थान से निकाल दिया गया था। जरनैल सिंह की पहचान 84 के दंगा पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ता के रूप में रही है। इसी वजह से पंजाब में उनका काफी सम्मान और किसी भी इलाके में जनाधार भी है। बताया जाता है कि शिरोमणि अकाली दल ने भी 2009 में उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए टिकट ऑफर किया था, लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया था क्योंकि तब वो राजनीति में नहीं जाना चाहते थे। बाद में वो आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और विधायक बने।

बहरहाल आम आदमी पार्टी उन्हें प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ उम्मीदवार घोषित कर देती है तो पंजाब की राजनीति में नया ट्विस्ट आ जाएगा। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि पहले से ही डरा अकाली दल आप की आगामी रैली में रुकावट पैदा कर रहा है ताकि रैली हो ही ना सके। आपको बताते चलें कि आम आदमी पार्टी ने राज्य के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ संगरूर से अपने सांसद भगवंत मान को उम्मीदवार बनाया है। सांसद भगवंत मान उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ जलालाबाद सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पिछले दिनों केजरीवाल ने जलालाबाद में भी रैली की थी और कहा था कि अगर बादल अपना मन बदलते हैं और किसी दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की सोचते हैं, तो भगवंत मान भी उनका ‘पीछा’ करेंगे।