Breaking News

न्यू जीलैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचा इंग्लैड

engनई दिल्ली। इंग्लैंड दूसरी बार वर्ल्ड टी20 के फाइनल में पहुंच गया है। नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने न्यू जीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। न्यू जीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8 विकेट पर 153 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 17.1 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया।

 154 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम को जेसन रॉय और एलेक्स हेल्स ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर 4.2 ओवरों में इंग्लैंड का स्कोर 50 तक पहुंचा दिया।

रॉय ने खास तौर पर तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 26 गेंदों पर अपने करियर की पहली हाफ सेंचुरी बनाई। हेल्स और रॉय ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 82 रन जोड़े। इंग्लैंड को पहला झटका एलेक्स हेल्स के रूप में लगा। संटेनर ने हेल्स को मुनरो के हाथों कैच कराया। हेल्स ने 19 गेंदों पर 1 चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए।

रॉय ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 44 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 78 रनों की पारी खेली। उन्हें ईश सोढी ने बोल्ड किया। इस समय इंग्लैंड का स्कोर 110 रन था। सोढी ने इससे अगली ही गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मोर्गन को एलबीडब्ल्यू किया। इस समय न्यू जीलैंड मैच में वापसी करता दिख रहा था। लेकिन जो रूट और जोस बटलर ने मिलकर इंग्लिश टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने फिरोज शाह कोटला मैदान पर बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में इंग्लिश टीम को यही लक्ष्य दिया।

कीवी टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरो में 8 विकेट पर 153 रन बनाए। कीवी टीम की शुरुआत तो काफी तेज रही लेकिन अंतिम क्षणो में उसने काफी तेजी से विकेट गंवा और इसी कारण वह 175-180 के निर्धारित लक्ष्य को छू नहीं सकी। न्यू जीलैंड ने काफी तेज शुरुआत की लेकिन महज 15 रनों के कुल योग पर मार्टिन गुप्टिल (15) का विकेट गंवा दिया।

गुप्टिल तीसरे ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए लेकिन तब तक कीवी टीम 27 रन जोड चुकी थी। गुपटिल ने 12 गेंदों का सामना किया और तीन चौके लगाए। पावरप्ले की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने 51 रन बनाए थे। कप्तान केन विलियमसन (32) और कोलिन मुनरो (46) विकेट पर थे। इन दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए एक के बाद एक कई बेहतरीन शॉट लगाए और मात्र 50 गेंदों पर 74 रन जोड डाले।कप्तान का विकेट 91 के कुल योग पर गिरा। कप्तान ने 28 गेंदों का सामना कर तीन चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद मुनरो ने विलियमसन का स्थान लेने आए कोरी एंडरसन (28) के साथ मिलकर पारी को आगे बढाना शुरू किया लेकिन अभी कुल योग में 16 रन ही जुडे थे कि मुनरो विदा हो गए। मुनरो ने 32 गेदों का सामना कर सात चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 107 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद रॉस टेलर (6) कुछ खास नहीं कर सके और क्रिस जार्डन की गेंद पर इयोन मोर्गन के हाथों लपके गए। टेलर और एंडरसन के बीच 19 गेंदों पर 27 रनों की साझेदारी हुई।

ल्यूक रोंची (3) तेजी से खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। रोंची को बेन स्टोक्स ने डेविड विली के हाथों कैच कराया। यह विकेट 139 के कुल योग पर गिरा। रोंची की विदाई के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर एंडरसन भी चलते बने। एंडरसन को स्टोक्स ने जॉर्डन के हाथों कैच कराया। कुल योग में अभी 11 रन ही जुड़े थे कि मिशेल सैंटनर (7 को स्टोक्स ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर जॉर्डन के हाथों कैच करा दिया। यह विकेट 150 के कुल योग पर गिरा। पारी की अंतिम गेंद पर मिशेल मैकक्लेनागन (1) रन आउट कर दिए गए। इंग्लैंड की ओर से स्टोक्स ने तीन सफलता हासिल की जबकि मोइन अली, डेविड विली, क्रिस जार्डन और लिएम प्लंकेट ने एक-एक विकेट लिया।