Breaking News

जेएनयू में भारत विरोधी नारे, पुलिस ने राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज किया

JNU Afzalनई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्याल (जेएनयू) में भारत विरोधी नारा लगाए जाने के मामले में अज्ञात छात्रों पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज किया गया है। पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के सांसद महेश गिरी और छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की शिकायत के आधार पर छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। मंगलवार को जेएनयू में संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को दी गई फांसी के विरोध में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी दौरान कुछ छात्रों ने भारत विरोधी नारे लगाए थे।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि अज्ञात छात्रों पर आईपीसी की धारा 124 (ए) और 120 (बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। एफआईआर वसंत कुंज थाने में दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के विडियो फुटेज की जांच कर रही है।

जेएनयू में छात्रों ने अफजल को फांसी दिए जाने के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद छात्रों ने कार्यक्रम का आयोजन किया। एबीवीपी की शिकायत पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस मामले में जांच बिठा दी है।

बीजेपी के सांसद महेश गिरी ने इस मामलो को लेकर जेएनयू के कुलपति और मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी को पत्र लिखा है। उन्होंने इसे ‘राष्ट्रविरोधी’ कृत्य बताते हुए दोषी छात्रों पर कार्रवाई की है। इससे पहले महेश गिरी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और गृह मंत्री को खत लिख मामले में कार्रवाई करने की मांग की थी।