Breaking News

जीन्स टी-शर्ट पहनने वाली महिलाओं को समुद्र में डुबा देना चाहिएः पादरी

तिरुवनंतपुरम। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पादरी का विडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि उन महिलाओं को समुद्र में डुबा देना चाहिए जो जीन्स, टी-शर्ट, शर्ट पहनती हैं। वह दावा करते हैं कि ऐसी महिलाएं पुरुषों को पाप के लिए उकसाती हैं। महिलाओं को समुद्र में डुबा देने की सलाह देते हुए वह कहते हैं, ‘ बाइबल कहता है कि जो आपको पाप के लिए उकसाता है आप उनके शरीर को पत्थर से बांध कर उन्हें गहरे समुद्र में डुबा दें।’

वह कहते हैं कि बाइबल ऐसे कपड़े की इजाजत नहीं देता और साथ ही पादरी सलाह देते हैं कि महिलाओं को सलवार-कमीज पहनना चाहिए। विडियो वायरल होने के बाद से पादरी को लेकर लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटा है। दरअसल, फेसबुक पर जैस्मिन पीके नाम की यूजर ने इस विडियो को तीन दिन पहले शेयर किया था जिसे अब तक करीब 60 हजार लोग देख चुके हैं। विडियो में पादरी कह रहे हैं कि ऐसी लड़कियां अपने पिता और भाई को भी उकसाती हैं। जीन्स-टी-शर्ट महिलाओं के शरीर को एक्सपोज करते हैं।

विडियो में पादरी कहते हैं, ‘जब मैं प्रार्थना के लिए कुछ चर्चों में जाता हूं तो खुद के सामने कुछ महिलाओं को देखकर लगता है कि उन्हें चर्च परिसर से धक्के मारकर भगा देना चाहिए। वे जीन्स, पैंट, शर्ट और टी-शर्ट पहनती हैं और उनके हाथ में फोन होता है। वे अपने बाल खुले रखती हैं। वे सिर्फ ऐसा लोगों का ध्यान खींचने के लिए करती हैं।’

उन्होंने कहा, ‘क्या कैथलिक चर्च आपको पुरुषों के परिधान पहनने की अनुमति देता है? ठीक है, चर्च को रहने दीजिए। क्या होली बाइबल आपको यह इजाजत देता है?’ उन्होंने महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों पर भी निशाना साधा, ‘पुरुषों को महिलाओं के कपड़े नहीं पहनने चाहिए, महिलाओं को पुरुषों के कपड़े नहीं पहनने चाहिए। अगर आप ऐसा करेंगे तो भगवान का अनादर करेंगे।’

पादरी ने कहा, ‘क्या भगवान ऐसी महिलाओं को स्वाकार करेगा जब वे चर्च आने के दौरान ऐसे कपड़े पहनते हुए अपने पिता और भाई को उकसाती हैं?’