Breaking News

जानिए, कैसे गेल निरंतरता के साथ खेल लेते हैं रिकॉर्ड पारियां

chris-gayleनई दिल्ली। जब क्रिस गेल का बल्ला चलता है, तब विपक्षी टीम के कौन से 11 खिलाड़ी मैदान पर हैं, इसके मायने खत्म हो जाते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ़ वेस्टइंडीज के पहले लीग मैच में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मुंबई के वानखेडे में छक्कों की बरसात हुई और गेल का तूफान आया। इस तूफान में इंग्लैड की टीम उड़ गई। विंडीज टीम के कोच फिल सिमन्स गेल की तारीफ में कहते हैं कि ये जितना आसान मैदान पर दिख रहा है गेल के लिए उतना ही आसान है। वो जितनी आसानी से ये कर लेते हैं, उतनी ही आसानी से आंकलन भी करते हैं और वो इसके लिए कड़ा अभ्यास करते हैं और नेट्स में बहुत गेंदों को हिट करते हैं और ये प्रदर्शन उसी का नतीजा है।

गेल ने शतक के दौरान बहुत से रिकॉर्ड भी किए अपने नाम
वर्ल्ड कप टी-20 का सबसे तेज शतक लगाया। 50 गेंदों पर शतक के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा, जो उन्होंने 2007 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ बनाया था।अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में सबसे तेज़ शतक दक्षिण अफ़्रीका के रिचर्ड लेवी ने 2012 में कीवी टीम के खिलाफ़ बनाया था। लेवी ने 45 गेंद में शतक लगाया था, नंबर दो पर भी दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ हैं। ड्यूप्लेसी ने 46 गेंद में विंडीज़ के खिलाफ़ पिछले साल ये कारनामा किया था और गेल के साथ संयुक्त रूप से नंबर तीन पर खड़े एरॉन फ़िंच ने 47 गेंद पर 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ़ शतक लगाया था।

वर्ल्ड कप में ये गेल का दूसरा शतक साबित हुआ और वो ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज़ बने। इस पारी में गेल ने 11 छक्के जड़े, वर्ल्ड टी-20 में ये रिकॉर्ड है। उन्होंने अपना ही 10 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा जो उन्होंने 2007 में दक्षिण अफ़्रीका के खिलाफ़ लगाए थे। वहीं, बात अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों की करें तो एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड एरॉन फ़िंच के नाम है, उन्होंने 14 छक्के इंग्लैंड के खिलाफ़ 2013 में लगाए थे। नंबर 2 पर दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ रिचर्ड लेवी हैं, जिन्होंने 13 छक्के एक पारी में कीवी टीम के खिलाफ़ लगाए।

टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 60 छक्कों का रिकॉर्ड
टी20 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड़ भी इस पारी के बाद गेल ने अपने नाम कर लिया। गेल के नाम अब टी-20 में 98 छक्के हैं। उन्होंने मैक्कलम के 91 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। अहम बात ये कि मैक्कलम रिटायर हो चुके हैं और उसके बाद शेन वॉट्सन 79 छक्कों के साथ गेल से काफी पीछे हैं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के युवराज के नाम हैं, जिन्होंने 69 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा अर्धशतक का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। गेल ने वर्ल्ड टी-20 में 9 अर्धशतक लगाए हैं। गेल की इस रिकॉर्ड पारी के बाद टूर्नामेंट की बाकी सभी टीमें अब इस माथापच्ची में लगी होंगी की आगे आखिर इस खिलाड़ी को रोका कैसे जाए।