Breaking News

घमासान के बाद समाजवादी परिवार दीपावली पर फिर दिखाई पड़ सकता है एकजुट

itavaइटावा/लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को दिवाली मनाने के लिए सैफई पहुंच गये। वे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे से सैफई पहुंचे। उनके साथ उनके बच्चे टीना और अर्जुन भी थे। उनके साथ मंत्री अभिषेक मिश्र, राजेंद्र चौधरी भी गए थे। पर वह देर शाम सैफई से वापस चल दिए। शाम को जैसे ही सीएम के अपने बच्चों के साथ सैफई पहुंचने की खबर पहुंची, तमाम लोग खुद उनके स्वागत के लिए पहुंच गए। कई नेताओं से उन्होंने शाम को मुलाकात भी की। सीएम रविवार को सैफई में परिवार के लोगों और इटावा से आए आसपास के लोगों से मिलेंगे।
मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के जरिये चौपला से नीचे उतरकर जनपद की सीमा में आये और वहां से सीधे सैफई पहुंचे। मुख्यमंत्री उद्घाटन से पहले इस एक्सप्रेस-वे का ट्रायल लेना चाहते थे। उन्होंने मार्ग की गुणवत्ता पर भी नजर रखी। वे कई स्थानों पर कार से भी उतरे और लोगों से मुलाकात की। उनसे मिलने के लिए उनके चचेरे भाई जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव पहुंचे। इससे पूर्व चौपला पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत भी किया। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री रविवार की सुबह दीपावली के अवसर पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। शनिवार को सड़क मार्ग से उनके आगमन को लेकर दिन भर प्रशासन अलर्ट रहा। जिलाधिकारी शमीम अहमद खान, एसएसपी एन. कोलान्चि ने व्यवस्था संभाली।
घमासान के बाद समाजवादी परिवार दीपावली पर फिर एकजुट दिखाई पड़ सकता है। सैफई में दीपावली के दिन सबका मिलना तय माना जा रहा है। सीएम अखिलेश यादव और पार्टी के पूर्व महासचिव रामगोपाल यादव शनिवार को ही सैफई पहुंच गए हैं। एसपी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के दांत में दर्द था, इस वजह से वह शनिवार को नहीं जा सके। कहा जा रहा है कि स्वास्थ्य ठीक रहा तो वह रविवार को जाएंगे। पूर्व मंत्री शिवपाल भी उनके साथ जा सकते हैं। समाजवादी पार्टी से निष्कासित सांसद और पूर्व महासचिव रामगोपाल यादव भी शनिवार को सैफई पहुंच गए। दोपहर में उन्होंने अपने मैनपुरी इटावा रोड स्थित निवास पर जनता से भेंट की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।