Breaking News

गणतंत्र दिवस पर इस बार रचा इतिहास, भारत के साथ शामिल हुई फ्रांस की सेना

france3नई दिल्ली। भारत आज अपना 67 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज भारत की सेना के साथ फ्रांस की सेना की एक टुकड़ी भी परेड में शामिल हुई। फ्रांस की सेना के इस दस्‍ते में 48 संगीतकार सैनिक शामिल थे।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद इस बार भारत के गणतंत्र दिवस के मुख्‍य अतिथि हैं। आज ओलांद के तीन दिन के भारत दौरे का आखिरी दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर जवान ज्योति पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

राजपथ पर 21 तोपों की सलामी के साथ तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट अंबिका नौटियाल की मदद से तिरंगा फहराया।

गणतंत्र दिवस

लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी को इस साल सर्वोच्च बहादुरी के लिए अशोक चक्र से नवाजा गया है। गोस्वामी उस टीम का हिस्सा थे जिसने कश्मीर घाटी में 11 दिनों में लश्कर के 10 आतंकियों को ठिकाने लगाया था। अपने दो साथियों की जान बचाने के दौरान गोस्वामी शहीद हो गए थे। अशोक चक्र शांति काल में बहादुरी के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।

वहीं इस मौके पर पठानकोट में आतंकियों से बहादुरी से निपटने वाले सिपाही जगदीश चंद्र को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। जगदीश चंद्र आतंकवादियों से बिना हथियार ही भिड़ गए थे। उन्होंने एक आंतकी की राइफल छीनकर उसे मार डाला। हालांकि ताबड़तोड़ गोलीबारी कर रहे दूसरे आतंकवादियों की गोली से वे शहीद हो गए। जगदीश चंद्र सेना की नौकरी से रिटायर होने के बाद डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में कार्यरत थे। उनके अलावा सेना की स्पेशल फोर्स के सुबेदार महेंद्र सिंह को भी कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। सेना के 20 शीर्ष अधिकारियों को परम विशिष्ठ सेवा मेडल दिए जाएंगे। इस साल कुल 365 बहादुरी पुरस्कार दिए जाएंगे।

गूगल ने भी अपने अनोखे अंदाज में 67वां गणतंत्र दिवस मनाया है। गूगल ने बीएसएफ के ऊंटों की टुकड़ी का डूडल बनाकर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। गूगल ने डूडल में गणतंत्र दिवस की झांकियां दिखाई हैं। जिसमें छह ऊंट दिख रहे हैं।