Breaking News

कांग्रेस में सबसे बड़ी बगावत…राहुल गांधी के पैरों तले खिसकी जमीन…बनेगी नई पार्टी !

नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के लिए हालात बदलते नहीं दिख रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से शुरू हुआ कांग्रेस के बदहाली का सफर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कई राज्यों में हुए चुनाव में भी कांग्रेस की बदहाली जारी रही। एक तरह से कांग्रेस फिसलन भरी राहों पर चल रही है। पार्टी नेतृत्व के पास सबसे बड़ा संकट इस बात का है कि जनता भी अब कांग्रेस से दूर होती जा रही है। हालत ये है कि राज्यों में कांग्रेस तीसरे नंबर की पार्टी बनती जा रही है। यूपी जैसे बड़े राज्य में जहां कांग्रेस का कभी एकछत्र राज था वहां पर भी वो गठबंधन की बैसाखी के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कोशिश तो पूरी कर रहे हैं लेकिन उनका कोई असर नहीं हो रहा है। कांग्रेस में गुटबाजी तो हमेशा से रही है लेकिन अब बगावत के सुर भी उभरने लगे हैं। बगावत के सुर तमिलनाडु कांग्रेस में सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार और देश के वित्त मंत्री रहे पी चिदंबरम के बेटे कार्ती चिदंबरम ने राहुल गांधी के पैरों तले जमीन हिला के रख दी है। कांग्रेस के दिन बदलते नहीं दिख रहे हैं ये अब कांग्रेस के नेता भी महसूस करने लगे हैं। इसी के साथ नई पार्टी की सुगबुगाहट भी सुनाई देने लगी है। पी चिदंबरम के बेटे कार्ती चिदंबरम ने कहा है कि देश में नई सियासी पार्टी की काफी गुंजाइश है। कार्ती के इस बयान केे बाद कांग्रेस हाईकमान में हलचल तेज हो गई है।

कार्ती चिदंबरम के मुताबिक देश में मौजूदा सियासी पार्टियों पर एक ही परिवार का कब्जा है। ये परिवारों की निजी संपत्ति बन गई है। नई पीढ़ी के लिए राजनीति के दरवाजे बंद हैं। बता दें कि कार्ती चिदंबरम चेन्नई में द्रविड़ राज की 50वीं सालगिरह के मौके पर बोल रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन जेनरेशन 67 नाम के एक संगठन ने किया था। कार्ती इस संगठन के संस्थापक हैं। कार्ती ने इस मौके पर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की निजी संपत्ति बन गई है। नौजवानों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के लोग इन पार्टियों में फिट नहीं हो सकते हैं क्योंकि इसके लिएऐ उन्हे दूसरे नेताओं की चापलूसी करनी होगी। कार्ती ने कहा कि क्या किसी पार्टी ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई या फिर आईआईटी के लड़कों को चुनाव लड़ने का न्यौता दिया है।

कार्ती चिदंबरम के इस बयान के बाद से कांग्रेस में हलचल तेज है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस से नाराज कार्ती नई सियासी पार्टी बना सकते हैं। हालांकि कार्ती ने ये भी कहा कि उनके संगठन जी-67 को लेकर वो अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। कार्ती ने कहा कि अगर डोनल्ड ट्रम्प इतनी जल्दी अमेरिका के राष्ट्रपति बन सकते हैं तो कुछ भी हो सकता है। तमिलनाडु के मौजूदा सियासी हालात पर उन्होंने कहा कि किस ने सोचा था कि जयललिता इस तरह चली जाएंगी और शशिकला को जेल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में जी-67 का क्या होगा इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल कार्ती के इस बयान से राहुल गांधी समेत कांग्रेस आलाकमान हिल गया है। राहुल गांधी जहां पार्टी को खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं वहीं अब कार्ती के बगावती तेवरों के कारण उनके सामने मुश्किल खड़ी हो गई है।