Breaking News

उत्तराखंडः बीजेपी प्रदर्शन में घायल घोड़े शक्तिमान की टांग काटी गई

saktimanदेहरादून। देहरादून में बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर बीजेपी विधायक के हमले से घायल घोड़े ‘शक्तिमान’ की टांग काट दी गई है।

घोड़े की टांग टूटने के बाद ब्लड सर्कुलेशन रुकने से उसमें गैंगरीन हो गया था। इससे घोड़े शक्तिमान की जान को खतरा पैदा हो गया था। गुरुवार शाम को पशु चिकित्सकों ने सर्जरी कर शक्तिमान की टांग को काट दिया। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि घोड़े को कृत्रिम पैर से चलाने की कोशिश की जाएगी।

उत्तराखंड के डीजीपी बी.एस. सिद्धू के मुताबिक घोड़े की जान बचाने के लिए उसकी टांग को जल्द से जल्द से काटना जरूरी हो गया था।

डीजीपी ने जानकारी दी कि घोड़े के घायल हिस्से में खून का बहाव बंद हो गया था। साथ ही गैंगरीन के फैलने का भी खतरा है। इन वजहों से घोड़े की जान बचाने के लिए टांग काटने का ही विकल्प रह गया था।

गौरतलब है कि 14 मार्च को देहरादून में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान नाले में गिरकर इस घोड़े की टांग टूट गई थी। इस घटना के लिए बीजेपी विधायक गणेश जोशी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। टीवी फुटेज में जोशी घोड़े की ओर लाठी फटकारते हुए दिखाई दिए थे।

विधायक के खिलाफ नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। विधायक के खिलाफ जानवरों के प्रति हिंसा के उन्मूलन संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था।